इतिहास में दूसरी बार IND Vs AFG टेस्ट: शनिवार को बारिश की आशंका 56%; जानिए पिच रिपोर्ट, पॉसिबल-11 और बाकी सबकुछ
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और अफगानिस्तान के बीच कल (6 जून) से टेस्ट खेला जाएगा। यह मैच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सुबह 9.30 बजे से खेला जाएगा। पहले दिन इस मैच पर बारिश का साया मंडरा रहा है। शनिवार को न्यू चंडीगढ़ में बारिश की आशंका 56% है।
इस मैच में केएल राहुल के साथ यशस्वी जायसवाल ओपनिंग में आ सकते हैं। साई सुदर्शन तीसरे और खुद कप्तान शुभमन गिल चौथे नंबर पर उतर सकते हैं। आइए जानते हैं मौसम का हाल, पिच रिपोर्ट और दोनों टीम की पॉसिबल प्लेइंग-11 के बारे में…
मौसम का हाल
मुल्लांपुर में शनिवार को बारिश की आशंका है। Accuweather के मुताबिक, इस दिन बारिश की आशंका 56% तक है। हालांकि उसके बाद अगले 4 दिन बारिश की आशंका 0% ही रह जाएगी। यानी मैच पूरा होने की पूरी उम्मीद है। शनिवार को तापमान अधिकतम 40 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पिच रिपोर्ट
मुल्लांपुर की यह पिच बैटिंग और बॉलिंग के बीच बैलेंस बनाकर रखती है। काली मिट्टी से बनी इस पिच पर अच्छा बाउंस मिलता है। बॉल जल्दी कैरी करती है। नई बॉल से पेसर्स को यह पिच मददगार होती है। जैसे-जैसे गेम आगे बढ़ता है यह पिच बैटिंग के लिए अच्छी होती जाती है। तीसरे दिन से यहां स्पिनर्स को मदद मिलना शुरू हो सकती है।
IND Vs AFG हेड-टू-हेड
इंडिया और अफगानिस्तान के बीच यह दूसरा ही टेस्ट है। दोनों टीम के बीच पहला टेस्ट जून 2018 को खेला गया था। यह मैच भारतीय टीम ने पारी और 262 रन से जीता था। इस मैच में 107 रन की पारी खेलने वाले ओपनर शिखर धवन प्लेयर ऑफ द मैच बने थे।
मैच की पहली पारी में भारतीय टीम ने 474 रन बनाए थे। इसे बाद अफगानिस्तानी टीम पहली पारी में 109 और दूसरी पारी में 103 रन ही बना सकी थी। अफगानिस्तान को फॉलोऑन खेलना पड़ा था।
पिछले टेस्ट की टीम से 2 भारतीयों को मौका
पिछले टेस्ट की भारतीय स्क्वॉड से सिर्फ 2 ही प्लेयर को इस बार भी मौका मिला है। यह दोनों विकेटकीपर बैटर केएल राहुल और स्पिनर कुलदीप यादव हैं। पिछले टेस्ट की प्लेइंग-11 में कुलदीप को जगह नहीं मिली थी। जबकि केएल राहुल ने 54 रन बनाए थे।
दोनों पॉसिबल प्लेइंग-11
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश कुमार रेड्डी, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान टीम: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), इकराम अलीखिल, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांग्याल खारोती, कैस अहमद, बिलाल सामी और सलीम सफी।

भारतीय टेस्ट स्क्वॉड
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर) और हर्ष दुबे।

