हेड-टू-हेड में इंडिया बेस्ट: पाकिस्तानी कप्तान फातिमा चोटिल; जानिए कब-कहां देख सकेंगे मैच, कम्पलीट मैच प्रीव्यू
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में आज (14 जून) भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। टॉस आधा घंटा पहले होगा। भारतीय टीम की कमान हरमनप्रीत कौर संभाल रही हैं।
वहीं पाकिस्तान टीम की कप्तानी फातिमा सना के पास है। हालांकि वे मैच से पहले प्रैक्टिस के दौरान चोटिल हो गई हैं। उनके घुटने में बॉल लगी थी। अब देखना होगा कि आज मैच खेलती हैं या नहीं। वैसे टी20 फॉर्मेट हो या वर्ल्ड कप, दोनों ही मामलों में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय का पलड़ा हमेशा भारी रहा है।
IND Vs PAK वुमन्स टी20 हेड-टू-हेड
वुमन T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 16 मैच खेले गए। इनमें से 13 मैच भारतीय टीम ने जीते। पाकिस्तान सिर्फ 3 मैच जीत सका। यह सभी मैच एशिया कप और T20 वर्ल्ड कप में ही खेले गए हैं। दोनों टीमों के बीच कोई बाइलेटरल सीरीज नहीं खेली गई।
वहीं वुमन्स T20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच अब तक 8 मुकाबले हुए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 6 मैच जीते। पाकिस्तान को सिर्फ 2 मैच में जीत मिली।

वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की ताकत
भारत की T20 वर्ल्ड कप टीम में एक्सपीरिएंस प्लेयर्स के साथ कुछ नए चेहरे भी शामिल किए गए हैं। शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष जैसी प्लेयर टीम की बैटिंग और ऑलराउंड डिपार्टमेंट को स्ट्रांग करेंगी।
वहीं, बॉलिंग में रेणुका ठाकुर, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव पर जिम्मेदारी होगी। हालांकि, अमनजोत कौर और काशवी गौतम चोट की वजह से सिलेक्शन के लिए अवेलेबल नहीं थीं।
पाकिस्तान टीम में 5 नए चेहरे
पाकिस्तान टीम में इस बार 5 प्लेयर पहली बार वुमन्स T20 वर्ल्ड कप खेलती नजर आएंगी। इनमें एमान फातिमा, नतालिया परवेज, रामीन शमीम, साइरा जबीन और तास्मिया रुबाब शामिल हैं।
पिच रिपोर्ट
इस मैच के दौरान 24,803 दर्शक क्षमता वाला यह स्टेडियम हाउसफुल रहने वाला है। यहां की पिच बैलेंस्ड मानी जाती है। यानी यहां बैटर और बॉलर्स के बीच संतुलन रहेगा। तेज गेंदबाज यदि लाइनलेंथ पर फोकस करें तो उन्हें काफी मदद मिलेगी। स्पिनर्स को मिडिल के ओवर्स में अच्छा टर्न और ग्रिप मिलेगी।
बैटर्स यदि पिच पर टिके रहे और शुरुआत में संभलकर खेले तो उन्हें भी काफी मदद मिलेगी। जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ेगा यहां की पिच धीमी होती है, ऐसे में बैटर्स को थोड़ा संभलना होगा।

मौसम का हाल
Accuweather के मुताबिक, बर्मिंघम में आज बारिश की आशंका सिर्फ 10% है। तापमान अधिकतम 19 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर बादल छाए रहेंगे। हवाओं की गति 33 km/h रहने का अनुमान है।
यह मैच कहां देख सकेंगे
इस टी20 मैच का लाइव टेलीकास्ट टीवी चैनल स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। जबकि ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर होगी। यानी मोबाइल यूजर्स जियो हॉटस्टार पर यह मैच देख सकेंगे।
इंडिया एक बार रनरअप रही
2009 से वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप खेला जा रहा है। इस दौरान पाकिस्तान टीम एक भी बार सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी है। दूसरी ओर इंडिया ने 5 बार सेमी और एक बार फाइनल खेला है। 2020 के फाइनल में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया ने 85 रन से हराया था।
किसने सबसे ज्यादा ट्रॉफी जीतीं
ऑस्ट्रेलिया ने सबसे ज्यादा 6 बार वुमन्स टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता है। न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने 1-1 बार ट्रॉफी अपने नाम की। इनके अलावा कोई दूसरी टीम खिताब नहीं जीत सकी। इस बार भारतीय टीम दावेदार मानी जा रही है।
दोनों टीमों का स्क्वॉड
भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), श्री चरणानी, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव।
पाकिस्तान टीम: फातिमा सना (कप्तान), आलिया रियाज, आयशा जफर, डायना बेग, ऐमन फातिमा, गुल फिरोजा, इरम जावेद, मुनीबा अली (विकेटकीपर), नशरा संधू, नतालिया परवेज, रामीन शमीम, सादिया इकबाल, सायरा जबीन, तस्मिया रुबाब और तुबा हसन।
बैकअप प्लेयर: अंबर कायनात, मोमिना रियासत, सदफ शम्स, सिदरा अमीन, सैयदा अरूब शाह और उम्मे हानी।

