इंग्लैंड के वनडे कप में कुलदीप को 4 मैच में 8 विकेट: बेन स्टोक्स को आउट किया; अशुतोष को लिस्ट-ए मैच में पहली बार 5 विकेट
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय प्लेइंग-11 से लगातार बाहर चल रहे स्पिनर कुलदीप यादव ने इंग्लैंड के वन-डे कप में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 मैच में 8 विकेट लिए। वहीं, ऑलराउंडर अशुतोष शर्मा ने भी अपने कॅरियर में पहली बार लिस्ट-ए मैच में 5 विकेट लिए। इंग्लैंड के वन-डे कप में दोनों इंडियन प्लेयर्स ने अपनी-अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
कुलदीप ने एक मैच में इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को भी आउट किया। खास बात यह है कि कुलदीप ने अब तक 4 मैच खेले, जिसमें 8 विकेट लिए हैं। भारतीय टीम में लगातार नजरअंदाज किए जाने के बीच उनका यह परफॉर्मेंस सिलेक्टर के लिए भी बड़ा मैसेज माना जा रहा है।
कुलदीप ने बेन स्टोक्स को 12 पर आउट किया
कुलदीप वन-डे कप में यॉर्कशायर क्लब की ओर से खेल रहे हैं। डरहम के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने स्टोक्स को अपनी फिरकी में फंसाया। स्टोक्स ने रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सही से पढ़ नहीं पाए और 12 रन बनाकर कैच आउट हुए। कुलदीप ने इसी मैच में इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल बैटर कॉलिन एकरमैन का विकेट भी लिया।
कुलदीप ने अपने 10 ओवर के स्पेल में सिर्फ 23 रन देकर 2 विकेट लिए। उनकी गेंदबाजी की बदौलत डरहम की पूरी टीम 165 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में यॉर्कशायर ने 41 ओवर में टारगेट हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। जेम्स व्हार्टन (68*) और सैम व्हाइटमैन (52*) ने मैच विनिंग पारी खेली।
कुलदीप को काउंटी क्लब यॉर्कशायर के लिए इस सीजन में 8 मैच खेलना है। क्लब ने उन्हें पांच वन-डे कप और सितंबर में 3 काउंटी चैंपियनशिप मैच के लिए टीम में शामिल किया है। यॉर्कशायर मैनेजमेंट का मानना है कि सूखी पिचों पर कुलदीप की लेफ्ट-आर्म रिस्ट स्पिन टीम के लिए फायदेमंद साबित होगी।
यॉर्कशायर के लिए खेलना खास है
यॉर्कशायर से जुड़ने पर कुलदीप ने कहा कि इस क्लब का हिस्सा बनना उनके लिए सम्मान की बात है। हमेशा इंग्लैंड की कंडीशन में खेलना पसंद रहा है। यॉर्कशायर क्लब के क्रिकेट जनरल मैनेजर गैविन हैमिल्टन ने भी कुलदीप की तारीफ की। उन्होंने कहा कि कुलदीप इंटरनेशनल लेवल के अनुभवी गेंदबाज हैं और सीजन के आखिरी दौर में उनकी स्पिन टीम को नई मजबूती देगी।
अगर कुलदीप के इंटरनेशनल रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 18 टेस्ट मैच में 79 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका बेस्ट 5/40 रहा है। वहीं ODI क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड और भी शानदार है। कुलदीप अब तक 121 मैच में 194 विकेट ले चुके हैं।

आशुतोष ने 51 रन देकर 5 विकेट लिए
उधर, दूसरे मुकाबले में भारतीय ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा ने भी कमाल कर दिया। हैम्पशायर की ओर से खेलते हुए उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में पहली बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया। अशुतोष ने 51 रन देकर 5 विकेट लिए।
इसके बदौलत एसेक्स की मजबूत बैटिंग को 317 रन पर रोका। इसके बाद हैम्पशायर ने जेम्स फुलर (58*), कप्तान निक गब्बिन्स (53) और टॉम प्रेस्ट (51) की पारी खेली और टारगेट 47.4 ओवर में हासिल कर लिया। हैम्पशायर ने तीन विकेट से जीत दर्ज की।

