हिटमैन अभी रिटायर नहीं होंगे: BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला बोले- रोहित के संन्यास की खबरें गलत, वे टीम इंडिया का अहम हिस्सा
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और कई रिपोर्ट्स में यह चर्चा तेज थी कि रोहित शर्मा जल्द ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान तो यह भी कहा जाने लगा था कि लॉर्ड्स में खेला गया तीसरा वनडे उनका आखिरी मैच हो सकता है। लेकिन अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इन सभी खबरों को पूरी तरह गलत बता दिया है।
रोहित के संन्यास की खबरों में सच्चाई नहीं
शुक्रवार को आगरा में यूपी T20 लीग के चौथे सीजन की मिनी ऑक्शन हुआ। इसी दौरान राजीव शुक्ला ने कहा- 'रोहित शर्मा टीम इंडिया का अहम हिस्सा हैं और उनके संन्यास की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।' इस बयान से साफ हो गया है कि फिलहाल रोहित के क्रिकेट छोड़ने की कोई प्लानिंग नहीं है।
इस दौरान राजीव शुक्ला ने यूपी टी20 लीग की भी तारीफ की। यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बन चुका है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के 18 खिलाड़ी इस समय IPL में खेल रहे हैं और इनमें से कई खिलाड़ियों को यूपी टी20 लीग में अच्छे प्रदर्शन के बाद पहचान मिली।

लॉर्ड्स में 138 रन की पारी खेली
दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ पहले 2 मैच में रोहित शर्मा का बैट ज्यादा नहीं चला था। इसके बाद उनके फ्यूचर को लेकर तरह-तरह की बातें होने लगीं। लेकिन रोहित ने लॉर्ड्स के मैदान पर जवाब दिया। उन्होंने सिर्फ 110 गेंदों में 138 रन की दमदार पारी खेली और इतिहास रच दिया। वह लॉर्ड्स में वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बन गए।
इस पारी के बाद भी रोहित ने साफ कर दिया था कि वह बाहर की बातों पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने कहा था कि मेरा काम मैदान पर रन बनाना और देश के लिए खेलना है। जब से उन्होंने भारत के लिए खेलना शुरू किया है, तब से ऐसी बातें होती रही हैं और आगे भी होती रहेंगी। लेकिन उनका पूरा फोकस अपने परफॉर्मेंस पर है। रोहित ने यह भी साफ संकेत दिया कि उनकी नजर 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भारत के लिए खेलने पर है।

रोहित के रिटायरमेंट पर कोई बात नहीं होती
इससे पहले भी राजीव शुक्ला ने कहा था- रोहित शर्मा अभी भी इंडियन टीम का हिस्सा हैं और लगातार खेल रहे हैं। मीडिया और सोशल मीडिया पर जो बातें चल रही हैं, उनका कोई मतलब नहीं है। फिलहाल रोहित शर्मा के रिटायरमेंट का कोई सवाल ही नहीं उठता।

12 गेंदबाज को मिनी ऑक्शन में भी शामिल किया
उन्होंने यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की 'स्पीड हंट' पहल का भी जिक्र किया। इस अभियान के जरिए 135 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे ज्यादा रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले 38 तेज गेंदबाजों की पहचान की गई। इनमें से 12 गेंदबाज को मिनी ऑक्शन में भी शामिल किया गया। शुक्ला को उम्मीद है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश से और भी तेज गेंदबाज भारतीय क्रिकेट को मिलेंगे।
282 प्लेयर ऑक्शन में शामिल
UPCA के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि मिनी ऑक्शन में छह फ्रेंचाइजी ने 282 खिलाड़ियों पर बोली लगाई। इनमें से 45 खिलाड़ियों का सिलेक्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 10 खिलाड़ियों का बेस प्राइस 5 लाख रुपये, 45 का 3.5 लाख रुपये और बाकी प्लेयर का बेस प्राइस 2.5 लाख रुपये रखा गया है।

