2 साल बाद सरफराज की टीम इंडिया में वापसी: श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए सुदर्शन को रिप्लेस किया; पिता नौशाद बोले- मेहनत रंग लाती है
Published: Updated:
5 min read

सरफराज खान ने भारतीय टीम के लिए अब तक 6 टेस्ट खेले, जिसमें 371 रन बनाए। उन्हें वनडे और टी20 में डेब्यू का मौका नहीं मिला।
स्पोर्ट्स डेस्क. मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान की करीब 2 साल बाद इंडियन टेस्ट टीम में वापसी हो गई है। उन्हें श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए चोटिल साईं सुदर्शन की जगह टीम में शामिल किया गया है। साईं सुदर्शन को दाएं पैर के अंगूठे में चोट लगी है, जिससे वे पूरी तरह फिट नहीं हो पाए। ऐसे में BCCI ने सुदर्शन की जगह सरफराज को टीम में शामिल करने का फैसला किया।
भारतीय टीम और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गाले में खेला जाएगा। BCCI के मुताबिक- उनकी चोट में सुधार हुआ है, लेकिन वह अभी मैच खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं। इसी वजह से उन्हें श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर होना पड़ा है।

टीम से बाहर होने के बाद सरफराज ने पोस्ट शेयर की थी
सरफराज ने सिलेक्शन से कुछ दिन पहले एक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की थी, जिसमें उन्होंने एक फिल्म की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था, मैं शायद फिट न बैठूं लेकिन मैं अपनी पूरी ताकत के साथ लड़ूंगा।
सरफराज ने इस पोस्ट में किसी खिलाड़ी, चयनकर्ता या मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर का नाम नहीं लिया था। हालांकि, टीम में लगातार जगह नहीं मिलने के बीच यह पोस्ट सामने आने के कारण कई क्रिकेट फैंस ने इसे उनकी निराशा से जोड़कर देखा था।
अब सरफराज श्रीलंका पहुंचकर कोलंबो में भारतीय टीम से जुड़ेंगे। इसके बाद टीम पहले टेस्ट के लिए गाले रवाना होगी।

2025 में टेस्ट टीम का हिस्सा थे
सरफराज 2024-25 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें किसी भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था। इसके बाद वह इंग्लैंड दौरे पर इंडिया ए टीम में भी शामिल हुए, लेकिन टेस्ट टीम में जगह नहीं बना सके।
श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैच खेले जाने हैं। सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गाल में शुरू होगा, जबकि दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की मौजूदा पाॅइट टेबल में भारत पांचवें और श्रीलंका छठे स्थान पर है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह सीरीज काफी अहम है। भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ मजबूत प्रदर्शन करके WTC फाइनल की अपनी दावेदारी को और मजबूत करना चाहेगी।
पिता ने सरफराज को दिया मोटिवेशन
श्रीलंका रवाना होने से पहले नौशाद ने सरफराज को एक खास शायरी सुनाई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वीडियो में नौशाद खान ने बेटे से कहा- सूरज भले निकला है कई रातों के बाद, लेकिन मेहनत को मिलता है हमेशा किस्मत का साथ। उनकी इस बात में सरफराज के पिछले कुछ समय के संघर्ष की झलक भी दिखाई देती है। घरेलू क्रिकेट में लगातार मेहनत करने के बावजूद सरफराज को टीम इंडिया में अपनी जगह बनाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा है।
ये भी पढ़ें: 5 साल में 17 भारतीयों का टेस्ट डेब्यू: इसमें 5 पेसर, 3 विकेटकीपर और एक स्पिनर; केएस भरत रिटायर हो चुके
6 टेस्ट में 371 रन बना चुके हैं सरफराज
सरफराज खान ने भारत के लिए अब तक 6 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 371 रन हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 37.1 का है और टेस्ट क्रिकेट में उनका सबसे बड़ा स्कोर 150 रन है। उन्हें वनडे और टी20 में डेब्यू का मौका नहीं मिला।
, कश्मीर में की खास ट्रेनिंग की
सरफराज खान ने करीब डेढ़ साल तक टीम इंडिया से बाहर रहने के बाद जोरदार वापसी की है। साई सुदर्शन के चोटिल होने के बाद उन्हें भारत की टेस्ट टीम में जगह मिली है। इस वापसी के लिए सरफराज ने फिटनेस से लेकर अपनी बल्लेबाजी तक पर काफी मेहनत की।
रिपोर्ट के मुताबिक- सरफराज ने पिछले 18 महीनों में करीब 17 किलो वजन कम किया। IPL के बाद उन्होंने मुंबई टी20 लीग में आकाश टाइगर्स वेस्टर्न मुंबई सबर्ब्स के लिए पारी खेलीं। इसके बाद मुंबई में बारिश के कारण प्रैक्टिस में दिक्कत होने लगी, तो वह कश्मीर चले गए।सरफराज को 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार चार पारियों में नाकाम रहने के बाद टीम से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने अपनी फिटनेस और खेल दोनों पर जमकर काम किया। अब उनका बदला हुआ लुक और बेहतर फिटनेस साफ नजर आ रही है।
- सरफराज ने फिटनेस और बल्लेबाजी सुधारने के लिए घंटों कड़ी प्रैक्टिस की। घरेलू सीजन के ब्रेक में उन्होंने कश्मीर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में भी कई दिन तक जमकर ट्रेनिंग की।
- सरफराज के पिता और कोच नौशाद खान ने भी उनके साथ सख्त डाइट फॉलो की। उन्होंने भी वजन कम किया और सरफराज की फिटनेस जर्नी में उनका पूरा साथ दिया।
सरफराज की फिटनेस में आया यह बदलाव सिर्फ वजन घटाने तक नहीं था। उन्होंने अपनी डाइट, ट्रेनिंग और बल्लेबाजी-तीनों पर लगातार मेहनत की, जिसका नतीजा अब टीम इंडिया में उनकी वापसी के रूप में सामने आया है। वह कोलंबो में भारतीय टीम के साथ जुड़कर श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी कर रहे हैं।

