पाकिस्तान क्रिकेट वेंटिलेटर पर: शोएब अख्तर बोले- टीम से कोई उम्मीद नहीं बची; मिस्बाह ने कहा- PCB लोकल कोच को तवज्जो नहीं देता
Published: Updated:
3 min read

इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान टीम ने शुरुआती दो मुकाबले हारकर 3 टेस्ट की सीरीज 0-2 से गंवा दी। अब तीसरा मैच 9 सितंबर से होगा। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट में इन दिनों काफी कुछ बदल रहा है। इंग्लैंड दौरे पर लगातार 2 टेस्ट हारने के बाद PCB ने 7 प्लेयर्स को घर भेज दिया। हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल की भी छुट्टी हो गई। अब इसी बदलाव के बीच पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने पाकिस्तान क्रिकेट के सिस्टम पर सवाल उठाए हैं। वहीं, शोएब अख्तर का कहना है कि PCB अब नई टीम बनाने के मूड में है।
लोकल कोच पर ज्यादा प्रेशर- मिस्बाह
मिस्बाह ने कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट में लोकल और फॉरेन कोच के साथ बराबर व्यवहार नहीं होता। फॉरेन कोच को ज्यादा पावर मिलती है और खराब रिजल्ट आने पर भी उन पर उतनी सख्ती नहीं होती। दूसरी तरफ लोकल कोच को लगातार आलोचना झेलनी पड़ती है। मुझे फॉरेन कोच रखने से दिक्कत नहीं है। परेशानी इस बात से है कि सिस्टम उन्हें ज्यादा कुछ नहीं बोलता है।
ये भी पढ़े: तू बहुत छोटा है, रन नहीं बना पाएगा: तिलक वर्मा ने वैभव को स्लेज किया, सूर्यवंशी बोले- अगले ओवर में मारूंगा
प्लेयर्स हताश हो गए हैं
मिस्बाह ने खिलाड़ियों की लगातार आलोचना पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि खराब परफॉमेंस के बाद प्लेयर्स हताश हैं। उनका कॉन्फिडेंस और फॉर्म दोनों प्रभावित होते हैं। पाकिस्तान को बार-बार जल्दबाजी में फैसले लेने के बजाय कंसिस्टेंसी, पेशेंस और लॉन्ग टर्म प्लान पर काम करना चाहिए।
उन्होंने भारतीय क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट ने सिस्टम को समय दिया और धीरे-धीरे अपनी टीम तैयार की। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे प्लेयर्स भी इसी लंबे प्रोसेस का हिस्सा रहे।

7 प्लेयर्स को भेजा घर
इंग्लैंड में पहले 2 टेस्ट हारने के बाद PCB ने टीम में बदलाव किया। मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक और सलमान अली आगा समेत 7 प्लेयर्स को वापस भेज दिया गया। सेलेक्शन कमेटी से भी सवाल पूछे गए हैं। रिजवान और इमाम को इंग्लैंड दौरे की टीम में शामिल करने के फैसले और सेलेक्शन के क्राइटेरिया पर जवाब मांगा गया है।
प्लेयर्स के फोन भी PCB ने रखे?
इसी बीच एक और रिपोर्ट में दावा किया गया कि तीसरे टेस्ट से पहले PCB ने टीम के सदस्यों के मोबाइल फोन अपने पास रख लिए हैं। ये फोन टेस्ट खत्म होने तक PCB के पास रह सकते हैं। हालांकि, किन प्लेयर्स के फोन लिए गए हैं और इसकी वजह क्या है, इस पर बोर्ड ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

PCB की नजर अब यंग और नए प्लेयर्स पर - अख्तर
इस पूरे मामले में शोएब अख्तर ने PCB के फैसलों का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड अब मौजूदा टीम से ज्यादा उम्मीद नहीं कर रहा। PCB की नजर अब यंग और नए प्लेयर्स पर है। पाकिस्तान क्रिकेट इस समय 'वेंटिलेटर पर' है। इसे वापस मजबूत करने में करीब 2 साल लग सकते हैं। टीम में वह लड़ने वाला जज्बा नजर नहीं आया।
हालांकि, अख्तर ने 3 पेसर्स को लेकर PCB को सावधान रहने की एडवाइज दी है। उन्होंने कहा कि शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ के करियर को इस बदलाव के दौरान बचाना जरूरी है। इन तीनों के पास अभी काफी क्रिकेट बाकी है। यंग टीम के साथ इनका अनुभव काम आ सकता है।
ये भी पढ़े: बाबर इंस्ट्रक्शंस फॉलो नहीं कर रहे थे तो कप्तानी से हटाते: राशिद लतीफ बोले- फैसले रिमोट कंट्रोल से लेने थे तो कोचिंग स्टाफ क्यों हटाया

