Honda NX500 में नया E-Clutch सिस्टम: अब ट्रैफिक में बार-बार क्लच नहीं दबाना पड़ेगा; 471cc इंजन और स्मार्ट फीचर्स से राइडिंग होगी स्मूद
Published:
3 min read

Honda NX500 में 471cc का लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 6-स्पीड ट्रांसमिशन के साथ आता है। (फोटो सोर्स- होंडा मोटरसाइकिल)
बिजनेस डेस्क। एडवेंचर टूरिंग बाइक पसंद करने वालों के लिए होंडा (Honda) ने बड़ा अपडेट दिया है। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने अपनी मिड-साइज एडवेंचर बाइक Honda NX500 में नया E-Clutch सिस्टम जोड़ने का ऐलान किया है। यह तकनीक राइडर को बार-बार क्लच दबाने की झंझट से काफी हद तक राहत देती है। खास बात यह है कि यह फीचर शहर के ट्रैफिक से लेकर लंबे हाईवे सफर तक राइडिंग को ज्यादा आरामदायक बनाने के लिए लाया गया है। कंपनी के मुताबिक, इससे राइडर की थकान कम होगी और बाइक कंट्रोल करना भी आसान रहेगा।
Honda E-Clutch क्या है और कैसे काम करता है?
Honda का नया E-Clutch सिस्टम बाइक स्टार्ट करने, गियर बदलने और रुकने के समय क्लच को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से कंट्रोल करता है। ऐसे में राइडर को खुद क्लच दबाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।। सिस्टम अपने आप क्लच को मैनेज करता है, जिससे राइडिंग ज्यादा स्मूद हो जाती है। हालांकि, अगर राइडर चाहे तो वह किसी भी समय मैनुअली क्लच का इस्तेमाल भी कर सकता है। कंपनी ने ऑटोमैटिक सुविधा देने के साथ 'हैंड्स-ऑन' राइडिंग को भी बरकरार रखा है।
शहर के ट्रैफिक में मिलेगी राहत
भारत जैसे देशों में भारी ट्रैफिक के बीच बार-बार क्लच दबाना कई राइडर्स के लिए थकाने वाला काम होता है। Honda E-Clutch इसी परेशानी को कम करने के लिए डिजाइन किया गया है। इससे लंबी राइड या रोजाना ऑफिस आने-जाने के दौरान हाथों पर कम दबाव पड़ता है और राइडर सड़क पर ज्यादा ध्यान दे पाता है।

कंपनी के CEO ने क्या कहा?
होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के प्रेसिडेंट और CEO त्सुत्सुमु ओटानी ने कहा कि E-Clutch तकनीक से लैस Honda NX500 शहरी और टूरिंग दोनों तरह की राइडिंग को ज्यादा आरामदायक और कंट्रोल्ड बनाती है। उन्होंने बताया कि यह सिस्टम राइडर की थकान कम करता है, लेकिन होंडा बाइक का मजेदार राइडिंग एक्सपीरियंस को भी बनाए रखता है।
इंजन और परफॉर्मेंस में क्या खास है
Honda NX500 में 471cc का लिक्विड-कूल्ड पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है। यह इंजन 6-स्पीड ट्रांसमिशन के साथ आता है। कंपनी ने इसे इस तरह ट्यून किया है कि लो और मिड रेंज में मजबूत टॉर्क मिले, जबकि हाई RPM पर भी पावर डिलीवरी स्मूद बनी रहे।
बाइक में स्टील डायमंड फ्रेम दिया गया है। आगे की तरफ शोवा SFF-BP अपसाइड-डाउन फ्रंट सस्पेंशन और पीछे प्रीलोड-एडजस्टेबल मोनोशॉक मिलता है। ब्रेकिंग के लिए आगे डुअल डिस्क और पीछे सिंगल डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। इसके साथ डुअल-चैनल ABS भी मिलता है। बाइक 19-इंच फ्रंट और 17-इंच रियर व्हील सेटअप पर चलती है।
फीचर्स में स्मार्ट टेक्नोलॉजी
Honda NX500 में 5.0-इंच का फुल-कलर TFT डिस्प्ले दिया गया है। इसमें RoadSync कनेक्टिविटी सपोर्ट मिलता है, जिसकी मदद से राइडर नेविगेशन, कॉल और म्यूजिक का इस्तेमाल कर सकता है। इसके अलावा बाइक में होंडा सेलेक्टेबल टार्क कंट्रोल (HSTC) और LED लाइटिंग स्टैंडर्ड फीचर के तौर पर दी गई है।
Honda NX500 के कलर ऑप्शन
नई Honda NX500 दो कलर ऑप्शन में अवेलेबल है। इसमें 'मैट गनपाउडर ब्लैक मेटैलिक' और 'पर्ल होराइजन व्हाइट' कलर शामिल हैं।
यह भी पढ़ें-

