Honda की बिक्री में 12% का उछाल: मई 2026 में 5 लाख से ज्यादा टू-व्हीलर बिके; राजस्थान प्लांट का भी विस्तार होगा
Published:
3 min read

होंडा की मई 2026 में एक्सपोर्ट 0.59 लाख यूनिट्स रहा, जो मई 2025 में एक्सपोर्ट की गई 0.47 लाख यूनिट्स से 24% ज्यादा है। (फोटो सोर्स- रॉयटर्स)
बिजनेस डेस्क। टू-व्हीलर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर प्राइवेट लिमिटेड (HMSI) ने मई 2026 में 5.18 लाख यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है। कंपनी की बिक्री में सालाना आधार पर 12% की वृद्धि हुई है। मई 2025 में कंपनी ने 4.65 लाख यूनिट्स बेची थीं। घरेलू बाजार और एक्सपोर्ट दोनों में मजबूत प्रदर्शन के चलते होंडा को यह बढ़त हासिल हुई है। वहीं, बढ़ती डिमांड को देखते हुए कंपनी राजस्थान के टपूकड़ा स्थित अपने प्लांट का विस्तार कर रही है।
मई 2026 में होंडा की बिक्री कैसी रही
होंडा मोटरसाइकिल के मुताबिक, मई 2026 में कुल बिक्री 5.18 लाख यूनिट रही, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 12% अधिक है। घरेलू बाजार में कंपनी ने 4.59 लाख यूनिट्स की बिक्री की, जबकि मई 2025 में यह आंकड़ा 4.17 लाख यूनिट था। इस तरह घरेलू बिक्री में 10% की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, निर्यात के मोर्चे पर कंपनी ने 0.59 लाख यूनिट्स विदेशों में भेजीं। यह आंकड़ा पिछले साल के 0.47 लाख यूनिट्स की तुलना में 24% अधिक है।
बिक्री से जुड़े प्रमुख आंकड़े
- मई 2026 में कुल बिक्री: 5.18 लाख यूनिट
- मई 2025 में कुल बिक्री: 4.65 लाख यूनिट
- कुल बिक्री वृद्धि: 12%
- घरेलू बिक्री: 4.59 लाख यूनिट
- घरेलू बिक्री वृद्धि: 10%
- निर्यात: 0.59 लाख यूनिट
- निर्यात वृद्धि: 24%
मजबूत मांग का फायदा मिला
कंपनी का कहना है कि मई महीने के दौरान टू-व्हीलर मार्केट में डिमांड स्थिर बनी रही। होंडा को अपने विविध उत्पाद पोर्टफोलियो और देशभर में फैले 7,000 से अधिक टचपॉइंट्स का फायदा मिला है। विस्तृत डीलर नेटवर्क और सर्विस इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए कंपनी ग्राहकों तक अपनी पहुंच लगातार बढ़ा रही है। इससे विभिन्न बाजारों में उसकी मौजूदगी और मजबूत हुई है।
राजस्थान में उत्पादन क्षमता बढ़ेगी
होंडा ने मार्च 2026 में घोषणा की थी कि वह राजस्थान के अलवर जिले के टपूकड़ा स्थित अपने दूसरे प्लांट में तीसरी उत्पादन लाइन जोड़ेगी। यह नई लाइन साल 2028 में शुरू होने की उम्मीद है। इसके चालू होने के बाद प्लांट की सालना उत्पादन क्षमता में 6.70 लाख यूनिट्स की बढ़ोतरी होगी।
वहीं, बाइक और स्कूटर की बढ़ती डिमांड को देखते हुए होंडा करीब 1500 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। इसके तहत कंपनी 74,000 वर्ग मीटर जमीन खरीदेगी। इस जमीन पर नई उत्पादन लाइन विकसित की जाएगी। होंडा के विस्तार प्रोजेक्ट से स्थानीय पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
यह भी पढ़ें-

