3.65 लाख में लॉन्च हुई रॉयल एनफील्ड बुलेट 650: ट्विन-सिलेंडर इंजन और 6 स्पीड गियरबॉक्स, 14.8 लीटर का फ्यूल टैंक भी मिलेगा
Published:
3 min read

647.95cc ट्विन-सिलेंडर इंजव और एडवांस फीचर्स के साथ यह अब तक सबसे पावरफुल बुलेट बनकर सामने आई है। (फोटो सोर्स- रॉयल एनफील्ड)
बिजनेस डेस्क। रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) ने अपनी नई बाइक बुलेट 650 (Bullet 650) को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत 3.65 लाख (एक्स-शोरूम) रखी है। यह कंपनी की 650cc रेंज में शामिल हो गई है। जिसमें पहले से कॉन्टिनेंटल GT 650, इंटरसेप्टर 650, बेयर 650 और सुपर मेटियोर जैसी बाइक्स हैं। बुलेट नाम बाइक लवर्स के बीच एक खास पहचान रखता है। यह मॉडल 1932 से प्रोडक्शन में है और आज भी इसकी पॉपुलैरिटी बरकरार है।
रॉयल एनफील्ड बुलेट 650 का डिजाइन
नई बुलेट 650 का डिजाइन काफी हद तक बुलेट 350 और क्लासिक 650 ट्विन से मिलता-जुलता है। बाइक में कंपनी का सिग्नेचर क्रोम हेडलाइट, हेडलाइट काउल और टेललाइट दी गई है, जो इसे क्लासिक लुक देती है। इसके अलावा फ्यूल टैंक पर आइकॉनिक हैंड-पेंटेड पिनस्ट्राइप्स और मेटैलिक बैज भी है। क्लासिक 650 के फेंडर्स की तुलना में इसके फेंडर्स ज्यादा चौकोर हैं।

सीटिंग और राइडिंग पोजिशन
बुलेट 650 में कंपनी ने आरामदायक राइडिंग पर ध्यान दिया है। इसमें प्रैक्टिकल एर्गोनॉनिक्स देखने को मिलते हैं। बाइक में सिंगल-पीस सीट है, जो रियर सस्पेंशन के ऊपरी हिस्से से जुड़ी हुई है। इस सेटअप से पीछे बैठने वाले यात्री को लंबी दूरी के सफर में बेहतर आराम मिलने की उम्मीद है। इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर की बात करें तो इसमें डिजिटल और एनालॉग का कॉम्बिनेशन मिलता है। साथ ही फ्यूल गेज और ओडोमीटर की जानकारी देने के लिए डिजिटल डिस्प्ले भी दिया गया है।
रॉयल एनफील्ड बुलेट 650 इंजन और सस्पेंशन
बाइक में 647.95cc पैरेलल-ट्विन इंजन है। यह एयर-ऑयल कूल्ड इंजन 7250 rpm पर 47bhp की पावर और 5650 rpm पर 52.3 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ 6 स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। साथ ही स्टील ट्यूबिंग से बना फ्रेम है।
सस्पेंशन के लिए आगे की तरफ 43mm टेलिस्कोपिक फोर्क्स और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर लगाए गए हैं। बुलेट की पारंपरिक पहचान को बनाए रखने के लिए कंपनी ने इसमें 19 इंच का फ्रंट व्हील और 18 इंच का रियर व्हील दिया है।

ब्रेकिंग और सेफ्टी फीचर्स
सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए बुलेट 650 में आगे 320mm डिस्क ब्रेक और पीछे 300mm डिस्क ब्रेक हैं। इसके साथ डुअल-चैनल ABS स्टैंडर्ड रूप से मिलता है, जो ब्रेकिंग के दौरान कंट्रोल देने में मदद करता है। बुलेट 650 की सीट की ऊंचाई 800mm है। वहीं, कर्ब वेट 243 किग्रा है। कंपनी ने इसमें 14.8 लीटर का फ्यूल टैंक दिया है।
यह भी पढ़ें-
Tata Tiago Facelift 2026 लॉन्च: 6 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा और नया डिजाइन; 285KM रेंज वाली EV भी आई

