टॉयलेट वाली कार: चाइनीज कंपनी की गाड़ी में खास फीचर, वेस्ट को ड्राई कर देगा हीटिंग सिस्टम,बदबू ना फैले इसका भी इंतजाम
Published:
3 min read

सेरेस एक चीनी ऑटोमोबाइल कंपनी है, जो हाई एंड EV और स्मार्ट गाड़ियों के निर्माण के लिए जानी जाती है।(फोटो सोर्स- Seres)
बिजनेस डेस्क। चीन की ऑटोमोबाइल कंपनी सेरेस (Seres) ने एक ऐसा अनोखा आइडिया पेश किया है, जो सुनने में थोड़ा अजीब लगे। लेकिन लंबी यात्राओं में बहुत काम का हो सकता है। कंपनी ने 'इन-व्हीकल टॉयलेट' यानी कार के अंदर ही टॉयलेट का पेटेंट कराया है।
यह पेटेंट को 10 अप्रैल को कराया गया है। कंपनी का कहना है कि यह फीचर खास तौर पर लॉन्ग ट्रिप, कैंपिंग या कार में रहने के दौरान लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए बनाया गया है। हालांकि अभी तक, Seres ने ऐसी कोई कार लॉन्च नहीं की है, जिसमें टॉयलेट दिया गया हो।
इन-व्हीकल टॉयलेट क्या है और कैसे काम करेगा?
इस टॉयलेट की खास बात इसका डिजाइन है। यह कार की पैसेंजर सीट के नीचे रहेगा और जरूरत पड़ने पर बाहर निकल आएगा। इसे बटन दबाकर या वॉयस कमांड देकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
टॉयलेट के साथ एक फैन और एग्जॉस्ट पाइप दिया जाएगा, जो बदबू को गाड़ी के बाहर निकाल देगा। इसके अलावा एक टैंक होगा, जिसमें वेस्ट जमा होगा और बाद में मैन्युअली खाली करना पड़ेगा। कार में एक हीटिंग सिस्टम भी होगा, जो लिक्विड को सुखाने और बाकी वेस्ट को ड्राई करने में मदद करेगा।

क्या पहले भी कार में टॉयलेट आया है?
कार के अंदर टॉयलेट होना कोई नया आइडिया नहीं है, लेकिन यह बहुत कम देखने को मिलता है। आमतौर पर ऐसे टॉयलेट बसों में ही होते हैं। ऑक्शन हाउस सोथबीज (Sotheby's) के मुताबिक, 1950 के दशक में रोल्स-रॉयस सिल्वर रैथ (Rolls-Royce Silver Wraith) के एक खास वर्जन में पैसेंजर सीट के नीचे टॉयलेट दिया गया था।
चीन से लेकर यूरोप-अफ्रीका तक कंपनी का विस्तार
Seres, अपनी सहायक कंपनी ऐटो (Aito) के साथ इलेक्ट्रिक स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल्स बनाने के लिए जानी जाती है। ये कारें बड़ी होती हैं और इनमें अधिक कार्गो स्पेस होता है। कंपनी की अधिकांश कारें चीन में बेची जाती है। हालांकि कंपनी ने यूरोप, अफ्रीका और मिडिल ईस्ट में भी विस्तार किया है।
EV मार्केट में क्यों बढ़ रहे हैं ऐसे इनोवेशन?
चीन की इलेक्ट्रिक कार कंपनियां कस्टमर्स को अट्रैक्ट करने के लिए नए-नए अपडेट ला रही हैं। मसाज सीट, कराओके सिस्टम और फ्रिज जैसे फीचर्स अब नॉर्मल होते जा रहे हैं। BYD जैसी बड़ी कंपनियों के साथ मुकाबले में बने रहने के लिए कंपनियां कुछ अलग करने की कोशिश कर रही हैं। इस वजह से ऐसे इनोवेशन देखने को मिल रहे हैं।
चीन का EV मार्केट अब काफी भरा हुआ है। कंपनियां एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लगी हैं। Seres उन कंपनियों में शामिल है, जो प्रॉफिट में है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि आने वाले समय में कई छोटी कंपनियां इस मुकाबले में टिक नहीं पाएंगी।
यह भी पढ़ें-

