शमी को बाहर बैठाना आसान नहीं: कोलकाता टेस्ट से पहले कप्तान गिल बोले- हमें आगे के बारे में भी सोचना पड़ता है
Published: Updated:
3 min read

शमी चोट के कारण 2023 वर्ल्ड कप के बाद टीम से बाहर हुए थे। इसी के बाद से उन्होंने टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है। मार्च 2025 के बाद से लिमिटेड ओवर्स के क्रिकेट से भी दूर हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार (14 नवंबर) से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। इससे एक दिन पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को लेकर बयान दिया। शमी को इस सीरीज के लिए सिलेक्ट नहीं किया गया है। इस पर गिल ने कहा कि शमी जैसे बॉलर को बाहर बैठाना आसान नहीं होता है।
हालांकि गिल ने आगे जो बात कही, उसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। कप्तान ने कहा कि सिलेक्शन के समय आगे के बारे में भी सोचना पड़ता है। उनके बयान से लग रहा है कि शमी के लिए वापसी आसान नहीं होने वाली है।
साउथ अफ्रीका 25 साल से भारत में टेस्ट सीरीज नहीं जीती, देखिए पूरा रिकॉर्ड
सिलेक्टर्स ज्यादा क्लियर जवाब दे पाएंगे
गिल ने कहा- शमी भाई जैसी क्वालिटी के बॉलर बहुत कम होते हैं। हालांकि जब आप आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, सिराज और बुमराह जैसे बाकी प्लेयर्स की परफॉर्मेंस देखते हैं तो फिर फैसला लेना बेहद मुश्किल हो जाता है।
टेस्ट टीम के कप्तान गिल ने कहा- शमी भाई जैसे प्लेयर को बाहर बैठाना कभी भी आसान नहीं होता है, लेकिन ऐसे ही समय पर हमें आगे के बारे में भी सोचना पड़ता है। फिटनेस और सिलेक्शन की बात है तो इस मामले में सिलेक्टर्स ही क्लियर जवाब दे पाएंगे।
शमी 2 साल से टेस्ट नहीं खेले
दरअसल, शमी चोट के कारण 2023 वर्ल्ड कप के बाद टीम से बाहर हुए थे। इसी के बाद से उन्होंने टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है। मार्च 2025 के बाद से लिमिटेड ओवर्स के क्रिकेट से भी दूर हैं। हाल ही में शमी ने खुद मीडिया के सामने कहा था कि वे फिट हैं और सिलेक्टर्स ने उनसे कोई सम्पर्क नहीं किया है।
BCCI शमी को इंग्लैंड दौरे पर भेजना चाहती थी
इस पर BCCI के एक अधिकारी ने हाल ही में कहा- सिलेक्टर्स और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के सपोर्ट स्टाफ ने कई बार शमी से कॉन्टेक्ट किया है। इसी साल इंग्लैंड दौरे पर जब बुमराह को 5 में से 3 ही टेस्ट खेलने थे, तब शमी को खिलाने का प्लान था। भला कोई ऐसे बड़े प्लेयर को बाहर क्यों बैठाएगा।
ऐसे में जो यह कहा जा रहा है कि शमी से कॉन्टेक्ट नहीं किया, यह पूरी तरह सही नहीं है। स्पोर्ट्स साइंस टीम के पास उनकी मेडिकल रिपोर्ट भी है। अब देखना है कि वे इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए फिट हैं या नहीं।
सूत्र ने बताया है कि इंग्लैंड दौरे पर खिलाने के लिए जब शमी से कॉन्टेक्ट किया गया, तो उन्होंने मना कर दिया था। शमी ने कहा था कि वे उपलब्ध नहीं रहेंगे, क्योंकि अपना वर्कलोड मैनेज कर रहे हैं।
टेस्ट सीरीज के लिए इंडिया-अफ्रीका के स्क्वॉड
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और आकाश दीप।
साउथ अफ्रीका: एडेन मार्करम, टोनी डी जॉर्जी, ट्रिस्टन स्टब्स, टेम्बा बावुमा (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, काइल वेरिने (विकेटकीपर), सेनुरन मुथुसामी, साइमन हार्मर, केशव महाराज, मार्को जानसेन, कगिसो रबाडा, रेयान रिकेल्टन, कॉर्बिन बोश, जुबेर हम्जा और वियान मुल्डर।

