संजू ने की वैभव की मिमिक्री: डेब्यू से पहले सूर्यवंशी ने द्रविड़ से कहा था- पहली गेंद मिली तो पहली ही उड़ा देंगे
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. BCCI नमन अवॉर्ड्स सेरेमनी रविवार (15 मार्च) को नई दिल्ली में हुई। इस दौरान संजू सैमसन ने अलग ही अंदाज में वैभव सूर्यवंशी का एक किस्सा शेयर किया। यह किस्सा वैभव के IPL डेब्यू से पहले हुई एक टीम मीटिंग का है, जिसे संजू ने वैभव की मिमिक्री करते हुए सुनाया।
दरअसल, IPL 2025 के दौरान टीम प्लानिंग पर बात हो रही थी। वैभव का डेब्यू मैच था। उससे ठीक पहले तब राजस्थान रॉयल्स के कोच रहे राहुल द्रविड़ ने तब के कप्तान संजू सैमसन को बुलाया और कहा कि चलो वैभव से बात करते हैं। वो अभी बहुत यंग है।

वैभव की कहानी, संजू की ज़ुबानी
अवॉर्ड्स सेरेमनी में वैभव ने बताया - मैच से पहले संजू भैया और राहुल सर ने मुझे कमरे में बुलाया था। वहां उन्होंने मेरे गेम के बारे में पूछा था। इतने में संजू ने बात काटते हुए कहा - मैं उस बातचीत के दौरान कमरे में मौजूद था इसलिए मैं बताना चाहता हूं।

क्या है प्लान
इसके बाद संजू ने मिमक्री करते हुए बताया -
राहुल सर ने वैभव से पूछा– आपका क्या प्लान है?
वैभव – ऐसा कुछ खास नहीं सर, बस अपना गेम खेलेंगे। (बिहारी एक्सेंट में)
राहुल सर – ठीक है, पर तुम्हारा गेम प्लान क्या है?
वैभव – सर, अगर पहली गेंद मिली तो पहली ही उड़ा देंगे (बड़ा हिट मारेंगे)। (बिहारी एक्सेंट में)

मैदान पर भी वैसा ही किया
संजू ने बताया - वैभव ने मैदान पर भी वही किया। जैसा उन्होंने मीटिंग में कहा था। उनकी बैटिंग देखकर लगा जैसे वे किसी वीडियो गेम की तरह खेल रहे हों।
IPL 2026 में ट्रॉफी जीतना है
इस बातचीत के दौरान वैभव ने कहा - मेरा टारगेट IPL 2026 में अपनी टीम राजस्थान रॉयल्स को टाइटल दिलाना है।

सूर्यवंशी का ड्रीम डेब्यू
वैभव सूर्यवंशी को IPL 2025 की मेगा ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स (RR) ने अपनी टीम में लिया था। उस समय उनकी उम्र सिर्फ 13 साल थी। फ्रेंचाइजी ने उन्हें 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा था।
वैभव ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ IPL में डेब्यू किया। उन्होंने आते ही शार्दुल ठाकुर की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया था। इसी सीजन में वैभव ने 35 बॉल में शतक लगाया। ये किसी भी इंडियन बैटर का सबसे तेज IPL शतक था। वैभव ने पूरे सीजन में 252 रन बनाए।

स्पोर्ट्स से जुड़ी और भी खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे

