रातभर खुले रहेंगे कोलकाता के बाजार!: रात 4 बजे तक मार्केट ओपन रखने की मांग, सरकार भी इजाजत देने के मूड में
Published:
3 min read

नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) की कोलकाता यूनिट ने पश्चिम बंगाल सरकार से रात को ज्यादा देर तक मार्केट ओपन रखने की परमिशन देने की मांग की है।
नेशनल डेस्क। कोलकाता में अब रात 12 बजे के बाद भी रेस्टोरेंट और बार में खाने-पीने का मजा लिया जा सकता है। रेस्टोरेंट इंडस्ट्री ने राज्य सरकार से मांग की है कि लाइसेंस वाले रेस्टोरेंट और बार को सामान्य दिनों में रात 2 बजे तक सर्विस देने की इजाजत मिले। वहीं फेस्टिव सीजन में इन्हें सुबह 4 बजे तक खुला रखने की परमिशन दी जाए।
यह मांग नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) की कोलकाता यूनिट ने राज्य सरकार के सामने रखी है। एसोसिएशन ने इसे लेकर फाइनेंस मिनिस्टर स्वपन दासगुप्ता और एक्साइज डिपार्टमेंट के अधिकारियों से मुलाकात की है। इंडस्ट्री का कहना है कि ज्यादा देर तक मार्केट खुला रखने से कारोबार बढ़ेगा, टूरिज्म को फायदा होगा और सरकार को एक्साइज ड्यूटी और GST से ज्यादा कमाई हो सकेगी।
अभी क्या है नियम?
फिलहाल कोलकाता में लाइसेंस वाले रेस्टोरेंट और बार को रात 12 बजे तक शराब सर्व करने की परमिशन है। त्योहारों या खास मौकों पर एक्साइज विभाग से परमिशन लेकर वक्त बढ़ाया जा सकता है।
NRAI चाहता है कि हर बार अलग से परमिशन लेने की जरूरत न हो। सामान्य तौर पर ही रेस्टोरेंट और बार को रात 2 बजे तक सर्विस की मंजूरी मिले। वहीं न्यू ईयर से लेकर सरकार की ओर से नोटिफाई किए गए बड़े आयोजनों पर वक्त बढ़ाकर सुबह 4 बजे तक किया जाए।
सरकार पहले ही 24 घंटे कारोबार की तैयारी में
रेस्टोरेंट इंडस्ट्री की यह मांग ऐसे वक्त में आई है, जब राज्य सरकार ने जून के बजट में दुकानों, रेस्टोरेंट, ऑफिस, लॉजिस्टिक्स और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को 24 घंटे चलाने की संभावना तलाशने की बात कही थी।
सरकार इसे शुरुआती तौर पर कोलकाता में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू करने पर विचार कर रही है। मकसद शहर को ज्यादा आधुनिक और निवेश के लिए बेहतर जगह के तौर पर पेश करना है।
कमाई बढ़ेगी या कानून-व्यवस्था का दबाव?
सरकारी अधिकारी इस प्रस्ताव को दो नजरिए से देख रहे हैं- राजस्व और कानून-व्यवस्था।
सरकार यह देखेगी कि ज्यादा घंटे रेस्टोरेंट और बार खुले रहने से एक्साइज से मिलने वाली कमाई कितनी बढ़ सकती है। साथ ही देर रात तक कारोबार होने पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े इंतजाम भी बढ़ाने पड़ सकते हैं।
अगर सरकार प्रस्ताव को मंजूरी देती है, तो इस साल अक्टूबर के त्योहारी सीजन से कोलकाता के रेस्टोरेंट और बार में देर रात तक कारोबार का रास्ता खुल सकता है। यानी आने वाले समय में शहर की नाइटलाइफ रात 12 बजे से आगे बढ़कर 2 बजे और खास मौकों पर सुबह 4 बजे तक जा सकती है
यह भी पढ़ें...
पान मसाला की प्लास्टिक पैकिंग पर रोक: FSSAI ने जारी किया नया नियम; अब ऐसे होगी पैकिंग

