ODI वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का नया प्लान: कंडीशन समझने के लिए सा. अफ्रीका में वनडे सीरीज खेल सकती है, दोनों बोर्ड के बीच बातचीत जारी
Published: Updated:
3 min read

2027 का वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है। (फोटो सोर्स -@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. वनडे वर्ल्ड कप 2027 ( ODI World Cup 2027) में अभी वक्त है, लेकिन टीम इंडिया ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। खबर है कि भारतीय टीम वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका का दौरा कर सकती है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) के बीच इसको लेकर बातचीत चल रही है।
अगर बात बनती है, तो टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका के बीच 4 से 6 ODI की सीरीज खेली जा सकती है। इसके जरिए टीम इंडिया वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका की कंडीशन को समझना चाहती है।

4 से 6 वनडे खेलने की तैयारी
2027 का वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है। साउथ अफ्रीका में 8 वेन्यू पर मुकाबले होंगे। जिम्बाब्वे में 3 और नामीबिया में 1 वेन्यू पर मैच खेले जाएंगे। ऐसे में भारतीय टीम को वहां की पिच, मौसम और पेसर्स के खिलाफ खेलने का अनुभव चाहिए। यह सीरीज टीम इंडिया को वर्ल्ड कप से पहले इन्हीं कंडीशन में खुद को परखने का मौका देगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टीम मैनेजमेंट की तरफ से ही साउथ अफ्रीकी बोर्ड से सीरीज खेलने का अनुरोध किया गया है। यदि बात बनती है तो यह सीरीज 2027 वर्ल्ड कप से ठीक पहले हो सकती है। टूर्नामेंट अक्टूबर और नवंबर में खेला जाना है।
ये भी पढ़े : एशियन गेम्स, क्रिकेट टीमें खुद होटल बुक कर सकती हैं: जापान ने कहा- दूसरे एथलीट्स को तो इससे भी कम जगह में ठहराया गया
वर्ल्ड कप से पहले प्लान
वनडे सीरीज से भारतीय खिलाड़ियों को पिच और मौसम के हिसाब से खुद को ढालने का मौका मिलेगा। साथ ही टीम मैनेजमेंट को अपनी सही प्लेइंग-11 और स्ट्रैटेजी तय करने में भी मदद मिलेगी।
फिलहाल सीरीज को लेकर ऐलान नहीं हुआ है। लेकिन अगर यह योजना अमल में आती है, तो वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम की तैयारी काफी पुख्ता हो सकती है।

पिछली बार 2-1 से जीता था भारत
भारत ने आखिरी बार दिसंबर 2023 में साउथ अफ्रीका का दौरा किया था। तब दोनों टीमों के बीच 3 वनडे की सीरीज खेली गई थी। KL राहुल की कप्तानी में भारत ने यह सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी। हालांकि उस दौरे पर कई मेन प्लेयर्स को आराम दिया गया था। इसके बाद टेस्ट सीरीज भी खेली जानी थी। इस बार तस्वीर अलग होगी। अगर 2027 की सीरीज होती है, तो इसका पूरा फोकस वर्ल्ड कप की तैयारी पर रहेगा।
2003 में फाइनल तक पहुंचा था भारत
साउथ अफ्रीका की धरती पर भारतीय टीम का वर्ल्ड कप रिकॉर्ड भी स्पेशल रहा है। 2003 वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम फाइनल तक पहुंची थी। हालांकि, जोहान्सबर्ग में खेले गए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने हरा दिया था।

